फतेहपुर सीकरी के दुल्हारा रोड पर तालाब में डूबे गोपाल को बाहर निकालने के बाद जब अस्पताल ले जाया गया तो डाक्टर ने उसे मृत घोेषित कर दिया। इस पर परिवारीजन भड़क गए। इसकी जानकारी पर सांसद चौ. बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी अस्पताल आ गए। आरोप है कि उन्होंने डाक्टर से अभद्रता की। उनके साथ मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
कसबा के दुल्हारा रोड पर तालाब में राहुल और गोपाल डूब गए थे। गोपाल का शव दोपहर 12 बजे निकाल लिया गया था। इसके बाद उसे परिवारीजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंच गए। आरोप है कि डाक्टर पीयूष अग्रवाल ने गोपाल के हाथ की नब्ज देखकर उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि परिवारीजन उसको आक्सीजन लगाने की मांग कर रहे थे। मगर, डाक्टर ने ऐसा नहीं किया। परिवारीजनों के हंगामा करने पर सांसद पुत्र रामेश्वर चौधरी और सभासद भूरा सहित अन्य लोग आ गए।
उन्होंने डाक्टर को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इससे हास्पिटल में अफरातफरी मच गई।
बाद में अन्य डाक्टर आ गए। तब डा. पीयूष अग्रवाल को बचाया जा सका। डाक्टर ने बताया कि उनकी जान को खतरा है। थाना फतेहपुर सीकरी में तहरीर दी। फतेहपुर सीकरी थाना के एसओ ने बताया कि सांसद पुत्र और सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सांसद चौ. बाबूलाल का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान मेें नहीं है। वह इसकी जानकारी कर रहे हैं।