फतेहाबाद के भोलपुरा के जंगल में अवैध खनन की सूचना पर गई थी टीम
जंगल में अवैध खनन की सूचना पर गई वन विभाग की टीम पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। माफिया के गुर्गों ने वन दरोगा और कर्मचारियों पर लाठी-डंडे बरसाए। साथ ही गांव वालों ने पथराव भी किया। इस दौरान माफिया के गुर्गे भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक ट्रैक्टर और रेत भरने वाले उपकरण जब्त कर लिए हैं। मामले में खनन माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अवैध खनन की सूचना पर वन विभाग की टीम रविवार सुबह तकरीबन 10 बजे वन दरोगा विजय सिंह चौहान के नेतृत्व में भोलपुरा के जंगल में गई थी। यहां तीन ट्रैक्टरों में अवैध खनन का काम चल रहा था। टीम को देखते ही वहां मौजूद सुरेश, नेत्रपाल, रामनिवास, रनवीर सिंह, मंजू आदि ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान वन दरोगा को काफी पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के दौरान गांव के कुछ लोग भी पहुंच गए। उन्होंने भी वन विभाग की टीम पर पथराव किया। इसकी सूचना पर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची तो खनन माफिया के लोग भाग निकले। इस दौरान टीम के वन रक्षक बलराम, नंदराम, हरिकेश कुमार, सरद बक्स सिंह, सूरजभान, राकेश, एल्कार सिंह, सत्यवीर, सतेंद्र सिंह यादव के साथ भी मारपीट की गई। मामले में वन दरोगा ने मुकदमा दर्ज कराया है। वन दरोगा ने कहा कि रविवार को भी छोटा, हजारी निवासी मल्लापुरा और रनवीर, निवासी भोलपुरा पर अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया है। छोटा पर पिछले दिनों 50 हजार का जुर्माना भी लगाया गया था।