पिछले वर्ष नसबंदी के 450 आपरेशन कर कीर्र्तिमान स्थापित करने वाले चिकित्सक अजीत बाबा पर जानलेवा हमला बोला गया। मंडी समिति के सामने गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन लोगों ने कार रुकवाकर चाकू से वार किए। राहगीरों के आने पर धमकी देते हुए भाग निकले। इस मामले में एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कावेरी कुंज, कमला नगर निवासी डा. अजीत बाबा वर्तमान में जिला अस्पताल चिकित्सकीय सेवाएं दे रहे हैं। वह गुरुवार देर रात कालिंदी विहार से अपना प्लाट देखकर लौट रहे थे। तभी उन पर हमला बोला गया। मंडी समिति के पास बाइक आगे लगाकर तीन लोगों ने उनकी कार रोक ली। इनमें से एक गुरजीत नाम का व्यक्ति भी था। उसने चाकू से हमला बोल दिया। हाथ पर चाकू लगने से वह घायल हो गए। इस पर डा. अजीत ने शोर मचा दिया। राहगीरों के आने पर तीनों धमकी देते हुए भाग निकले। उन्होंने घटना की जानकारी थाना एत्माद्दौला पहुंचकर पुलिस को दी।
मरीज ने लगाया था आपरेशन न करने का आरोप
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने गुरजीत का पथरी का आपरेशन किया था। मगर, उसका आरोप है कि पथरी नहीं निकाली गई। इसकी सीएमओ से शिकायत की थी। मगर, वह झूठी पाई गई। इस पर उपभोक्ता फोरम भी गया। इसमें भी वह हार गया। अब कोर्ट में शिकायत की है। यह फैसला भी उनके पक्ष में आने वाला है। अब वह 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। मना करने पर ही उन पर हमला बोला गया। एसओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
नसंबदी के आपरेशन में यूपी में मिल चुका है पुरस्कार
डा. अजीत बाबा ने बताया कि उन्होंने साल 2015 में नसबंदी के 450 आपरेशन किए थे। विभाग की ओर से उन्हें पुरस्कृत भी किया जा चुका है।