तोशाम रोड पर स्थित हाजमपुर गांव में वीरवार की रात को योगेश ट्रेडिंग कंपनी के पार्टनर 25 वर्षीय हाजमपुर निवासी संदीप की हत्या कर दी गई। उसके सिर और मुंह पर चोट मारी गई है। खून से लथपथ उसका शव शुक्रवार को फैक्ट्री से बरामद किया गया। आरोपी संदीप की बाइक और नकदी भी अपने साथ ले गए। हत्या की वजह लेन-देन व रंजिश बताई जा रही है। सदर पुलिस ने मृतक के भाई पवन के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाजमपुर में योगेश ट्रेडिंग कंपनी के नाम से गोबर व अन्य चीजों को मिलाकर भट्ठी में जलाने के काम आने वाली गिट्टी बनाई जाती थी। संदीप इस फैक्ट्री में हिस्सेदार था। पवन ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि संदीप वीरवार की शाम 7 बजे अपने घर से फैक्ट्री गया था। उसने वहां राम सिंह कॉलोनी निवासी विक्की, हाजमपुर निवासी नितिन उर्फ गोलू के साथ कथित तौर पर शराब का सेवन किया। रात को संदीप अपने घर नहीं लौटा। शिकायत में पवन ने कहा कि शुक्रवार की सुबह उसे विजेंद्र यादव उर्फ काला ने सूचना दी कि फैक्ट्री में उसके भाई का शव पड़ा हुआ है।
पवन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई का बड़सी निवासी कुलदीप तथा दिलबाग से लेनदेन भी था। शिकायत में कहा गया है कि रात को फैक्ट्री में राजन तथा सुनील नाम के दो कारिंदे भी थे। सुबह ये दोनों कारिंदे वहां नहीं मिले तथा फैक्ट्री से संदीप की बाइक, मोबाइल फोन तथा नकदी भी चोरी हो चुकी थी। पवन ने पुलिस को दी शिकायत में शक जाहिर किया है कि कुलदीप, दिलबाग, राजन तथा सुनील ने उसके भाई की हत्या की है। सदर थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कुछ दिन पूर्व ही आए थे मजदूर
संदीप के साथी श्याम ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व ही फैक्ट्री में यूपी निवासी दो मजदूरों राजन व सुनील को काम पर लगाया गया था। फिलहाल पुलिस काला, नितिन, विक्की आदि से पूछताछ कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा एक लड़का व एक लड़की छोड़ गया है।