आगरा का रहने वाला राष्ट्रीय स्तर का पहलवान रितिक गोस्वामी आर्थिक तंगी में लुटेरा बन बैठा। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को उसे उसके चार साथियों के साथ गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि ये बदमाश खिलौने वाली पिस्टल दिखाकर लूटपाट को अंजाम देते थे।
पुलिस ने इनके पास से खिलौने वाली दो पिस्टल, पांच लाख रुपये और 30 लाख कीमत के जींस के कपड़े बरामद किए हैं। रितिक पहलवानी में राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीत चुका है। उसका कहना है कि वो आर्थिक तंगी के कारण लूटपाट करने लगा था।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि 20 मई को सूचना मिली कि स्वरूप नगर इलाके में बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक वाहन लूट लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शिकायतकर्ता नसीब हुसैन ने बताया कि वो बकौली गांव स्थित एक गोदाम से जींस के कपड़े के 77 रोल लेकर गांधीनगर जा रहा था।
मुकरबा चौक पर बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोका औैर पिस्टल दिखार वाहन लूटकर फरार हो गए। उसमें लदे कपड़े की कीमत करीब 30 लाख रुपये थी। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। साथ ही नसीब के फोन को सर्विलांस पर लगाया।