आगरा में सैंया के तेहरा में बीती 11 सितंबर को पेट्रोल पंप व्यवसायी के मुनीम से हुई साढ़े छह लाख की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के चौथे दिन ही पुलिस ने चार बदमाशों को दबोच लिया। इनमें गैंग का सरगना भी शामिल है।
बता दें कि आगरा के सैंया में गांव बरई स्थित पेट्रोल पंप के मालिक किशोर कुमार गुप्ता 11 सितंबर को अपने मुनीम के साथ तेहरा के समीप एसबीआई में कैश जमा करने जा रहे थे। वे कैश लेकर बैंक के बाहर पहुंचे। तभी वारदात हो गई।
किशोर कुमार अपनी अर्टिगा कार से दो थैलों में साढ़े 12 लाख रुपये लेकर गए थे। बैंक के बाहर पहुंचते ही उनका मुनीम नूर मोहम्मद जैसे ही छह लाख रुपये से भरा एक बैग लेकर गाड़ी से उतरा, तभी तीन बाइक पर पांच बदमाश कैश से भरा थैला छीनकर ले गए। दूसरा बैग गाड़ी में रखा था इसलिए वह बच गया।
लूट की यह वारदात बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने मामले में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें गैंग का सरगना रोहताश उर्फ देवेंद्र उर्फ तोता जाट निवासी मुबारकपुर, इरादतनगर आगरा भी शामिल है।