खेड़ा राठौर के सामरेमऊ गांव में किसान श्याम बिहारी के घर पर डकैती की दुस्साहसिक वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना से गांव के लोग दहशतजदा हैं।
पीड़ित के घर हुई पंचायत में ग्रामीणों ने कहा है कि घर पर पहरा दें या खेतों की फसल की रखवाली करें। बुधवार की रात सामरेमऊ गांव में हथियार बंद 10 बदमाशों ने श्याम बिहारी के घर में डकैती डाली थी। दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को सुराग पुलिस शुक्रवार की शाम तक नहीं लगा सकी थी।
श्याम बिहारी और उनके परिवार का कहना है कि बदमाशों को घर के बारे में पूरी जानकारी थी। घटना से गांव दहशत में है। लोगों ने कहा कि रात में घर पर पहरेदारी करें या फिर खेतों की रखवाली। लोग गांव में पुलिस गश्त की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर वे धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे।