एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र की एक महिला पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। महिला इटावा जेल में बंद अपने पति से मुलाकात कर लौट रही थी। मामले में आपसी रंजिश की बात कही जा रही है।
बताया गया है कि एटा के सकीट थाना क्षेत्र में उदयपुर गांव की रहने वाली सरला का पति उदयवीर हत्या के मामले में इटावा जेल में बंद है। शुक्रवार 16 मई को सरला अपने पति से मिलने इटावा गई थी। वहां से लौटने के दौरान रात में करीब 11 बजे उस पर कुछ लोगों ने तेजाब से हमला कर दिया। इसमें महिला बुरी तरह से झुलस गई।
मामले में सरला ने दो युवकों राकेश और साहब सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते तेज़ाब फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सरला और आरोपियों के परिवार में 15 साल से रंजिश चली आ रही है।
गांव वालों के अनुसार सरला का बेटा शैलेन्द्र 15 साल पहले साहब सिंह की बेटी को ले आया था। आरोप है कि बाद में शैलेन्द्र की साहब सिंह के घरवाले सुखवीर और जगजीवन ने हत्या कर दी थी। दो साल पहले शैलेंद्र की हत्या के आरोपी सुखवीर के पिता मुंशीलाल की हत्या कर दी गई।
मुंशीलाल की हत्या का आरोप सरला के पति पर लगा और वह हत्या के मामले में जेल में बंद है। शुक्रवार को अपने पति उदयवीर से मिलने के लिए ही सरला इटावा की जिला जेल गई थी। लौटते वक्त सकीट थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया।