फतेहाबाद बाईपास पर गुरुवार दोपहर 11 बजे ट्रैक्टर की टक्कर से रोडवेज बस के नीचे आ जाने से बाइक सवार दंपति समेत तीन की मौत हो जाने पर जमकर बवाल हुआ। शव तुरंत ही पोस्टमार्टम के लिए भेजने से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया और पथराव किया। फतेहाबाद इंस्पेक्टर हरेंद्र पाल सिंह को सड़क पर गिराकर पीटा। उन्होंने हवाई फायर कर खुद को बचाया। भीड़ ने एसडीएम जेपी चौहान पर भी पथराव किया। बाद में पीएसी और आरएएफ ने बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाया। दो घंटे तक जाम लगा रहा।
नई दिल्ली के संगम विहार निवासी एवं मूल निवासी तिवाहा (फतेहाबाद) सोनू (30) पुत्र कोमीद खां, उनकी पत्नी सोनो बेगम (28), पुत्री खुशी (8) और मौसेरे भाई राशिद पुत्र छोटे खां के साथ भाई शाकिर की बीमारी से मौत पर शोक व्यक्त करने तिवाहा आए थे। गुरुवार सुबह सोनू अपनी पुत्री खुशी को दवा दिलवाने फतेहाबाद आए थे। चारों एक बाइक पर थे। तभी बाईपास पर पीछे से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बच्ची दूर जा गिरी। इसी दौरान बाह की ओर से आ रही रोडवेज बस (संख्या यूपी 052 9235) के नीचे तीनों आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बवाल हुआ। थराव में एसडीएम के अलावा मृतक के भाई यासिर और थाने के मुंशी हाकिम सिंह को भी चोटें आई हैं।