आंवलखेड़ा स्थित फर्नीचर और कांच के खिलौने बनाने के कारखाने में मंगलवार को कंप्रेशर फटने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर बरहन से फायरब्रिगेड, एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर मामले की जांच की।
आंवलखेड़ा में आगरा-जलेसर रोड पर नरायन सिंह उर्फ लल्लू निवासी चौकड़ा थाना बरहन का कांच के खिलौने और फर्नीचर बनाने का कारखाना है। उनकी श्याम फर्नीचर के नाम से दुकान भी है। कारखाने में आंवलखेड़ा निवासी शंभूदयाल (35) पुत्र श्रीचरन कारीगर थे। मंगलवार की दोपहर वह कंप्रेशर से फर्नीचर पर पेंट कर रहे थे। तभी अचानक धमाके के साथ कंप्रेशर फट गया। लोहे के टुकडे़ शंभूदयाल के शरीर में घुस गए। इससे वह घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए आगरा ले जाया गया। वहां एसएन अस्पताल में उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कंप्रेशर फटने की तेज आवाज को आसपास के गांवों में भी सुना गया। सूचना पर एसडीएम सुनील कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फायरब्रिगेड की गाड़ी भी बुला ली गई। बाद में जांच के लिए आगरा से फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। टीम ने कंप्रेशर फटने से हादसा होना बताया।
विज्ञापन
------
परिवार के सामने रोजीरोटी का संकट
बरहन। मजदूर शंभूदयाल का परिवार बेहद गरीब है। उनके पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। दो साल पहले शंभूदयाल की शादी हुई थी। उनकी छह माह की एक बच्ची है। परिवार में मां, पत्नी और शादी योग्य बहन है। शंभूदयाल की मौत के बाद परिवार के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।
-----
भाई ने दर्ज कराया मुकदमा
बरहन। मृतक शंभूदयाल के भाई संजय ने कारखाने के मालिक नरायन सिंह और उनके दो पुत्रों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बरहन ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।