किशनी (मैनपुरी)। भाजपा के कुसमरा व किशनी के मंडल अध्यक्ष ने थाना किशनी में एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने सपा नेता होते हुए भी भाजपा का फर्जी तरीके से लैटर पैड बनाकर उसका प्रयोग किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता कुसमरा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह चौहान और किशनी मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शाक्य ने थाना में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि विकासखंड की ग्रामसभा रामनगर के प्रधान कमलेश यादव सपा के सदस्यता अभियान में सक्रिय सदस्य हैं। उसका क्रमांक 254078 की हस्ताक्षरित रसीद भी उनके पास उपलब्ध है।
प्रधान ने भाजपा के कमल के चिह्न का दुरुपयोग कर बिना अधिकार पार्टी के फर्जी लैटर पैड छपवाए। इसके बाद प्रधान ने ग्रामीणों से धन उगाही कर भ्रष्टाचार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री से आवास आवंटन के लिए एक प्रार्थना पत्र दिया।
उन्होंने लिखा है कि उक्त प्रधान ने मुख्यमंत्री को कमल के निशान लगे फर्जी लैटर पैड पर 70 आवासों की मांग की है। मुख्यमंत्री ने लैटर पैड देख कर मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि उनको सात दिनों के अंदर इसका जवाब चाहिए। मुख्य सचिव ने भी जिलाधिकारी मैनपुरी से इस संबंध में जवाब मांगा है। मंडल अध्यक्ष ने कहा है कि उक्त प्रधान के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए।