अजीतगंज (मैनपुरी)। ब्लाक कार्यालय जागीर से मंगलवार की रात चोर जंगला काटकर लाखों का सामान चोरी कर ले गए। जिस स्थान पर घटना हुई वहां से चौकी कुछ कदम की दूरी पर है। बुधवार की सुबह सूचना पर डॉग स्क्वैड व फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर घटनास्थल की जांच की।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव जागीर में ब्लाक कार्यालय चौकी के समीप स्थित है। फिर भी मंगलवार की रात कार्यालय के जंगले को काटकर चोर वहां से पांच कंप्यूटर, दो प्रिंटर, बाक्स में रखा सामान, 10 ताले आदि लाखों का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने एडीओ के कमरे के ताले तोड़कर भी वहां से भी सामान उठा ले गए।
बुधवार सुबह कार्यालय सहायक नवनीत कुमार ने कार्यालय आकर जब मुख्य द्वार का ताला खोला तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस, डॉग स्क्वैड और फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों का कहना था कि जब चौकी पास स्थित कार्यालय सुरक्षित नहीं है, तो पुलिस उनकी सुरक्षा भला कैसे करेगी। बीडीओ गणेश प्रसाद ने घटना की तहरीर थाने में दी है।