फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर लभौआ निवासी अजय कुमार की हत्या ऋण के पैसे के लेन-देन को ही लेकर शराब पिलाने के बाद पत्थरों से कुचलकर की थी। शव को ठिकाने लगाने को नहर में डालने का प्रयास किया था। परंतु शव पत्थरों में अटकने के कारण पानी के तेज बहाव के साथ नहीं बह सका। थाना पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
थाना के भूड़ा नहर के पास 26 जून को सुबह अज्ञात युवक का शव मिला था। आशंका थी युवक की हत्या चाकुओं से गोदकर की गई थी।पुलिस अज्ञात शव का पोस्ट मार्टम करके ठिकाने लगाती उससे पूर्व मृतक की शिनाख्त परिजनों ने मोहम्मदपुर लभौआ निवासी अजय कुमार के रूप में की। रसूलपुर थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने काफी हंगामा किया। उनका आरोप था ओमवीर ने बेटे की हत्या करके शव को फेंका है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रसूलपुर वीरेंद्र कुमार बघेल ने कहा सूचना मिली कि हत्यारोपी ओमवीर, उसका साला बाइक से ही कहीं भागने की फिराक में मोढ़ा के समीप है। एसएचओ ने
एसएसआई रामबाबू पाठक, कांस्टेबिल मनोज कुमार, गीतम सिंह के साथ हत्यारोपी ओमवीर निवासी आसफाबाद, उसके साला इटावा के बलरई निवासी अमरचंद्र को गिरफ्तार किया। उन्होंने यह स्वीकारा कि उन्होंने बार-बार पैसे मांगने के कारण अजय की पत्थरों से कुचलकर हत्या की है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अजय की हत्या करने से पूर्व तीनों ने शराब पी थी। नशे में हो जाने के बाद हत्या कर दी। क्योंकि अजय ओमकार पर पैसा वापस देने को लगातार दबाव बना रहा था। पुलिस ने तो बाइक के साथ हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया है।