मैनपुरी। मरीज के उपचार में लापरवाही करने पर तीमारदारों और निजी अस्पताल के स्टाफ में मारपीट हो गई। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। बाद में तीमारदार मरीज को आगरा के लिए रेफर करा ले गए।
मामला नगर के कचहरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल का है। यहां दो दिन से कस्बा बेवर निवासी सोबित गुप्ता का सात वर्षीय पुत्र अंशू भर्ती था। रविवार को अपराह्न अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो उसके बाबा सोम गुप्ता ने वहां मौजूद स्टाफ से देखने के लिए कहा। स्टाफ के कर्मचारी व्हाट्सएप पर चेटिंग कर रहे थे।
जब तीमारदारों ने सोमगुप्ता की बात नहीं सुनी तो उन्होंने स्टाफ के लोगों को लापरवाही करने का आरोप लगाया। इस पर स्टाफ के लोग भड़क गए और सोम गुप्ता के साथ अभद्रता करने लगे। इस पर सोमगुप्ता के परिवारीजनों ने विरोध किया तो स्टाफ के लोग उनके साथ मारपीट करने लगे। इस पर परिवारीजनों ने भी जमकर मारपीट की।
अस्पताल में मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। अन्य मरीजों के तीमारदारों ने बीच बचाव किया। बाद में सोबित अपने पुत्र को आगरा के लिए रेफर करा दिया गया। हालांकि किसी भी तरफ से मामले में समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।