मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया है। जिला जज के आवास के समीप ई-रिक्शा से बच्चों के साथ घर जा रही एक सिपाही की पत्नी से बाइक सवार बदमाशों ने नकदी और चेन लूट ली। सिपाही ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा की सुरक्षा में तैनात है।
दूसरी वारदात भी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत के समीप हुई। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी युवक की चेन बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली। सीओ सिटी का कहना है कि सिपाही की पत्नी से लूट के मामले में तहरीर मिली है। दूसरी वारदात में कोई तहरीर नहीं मिली है।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा की सुरक्षा में तैनात सिपाही सोबरन और उसका परिवार भी सुरक्षित नहीं है। रविवार दोपहर को सिपाही सोबरन की पत्नी रूबी बच्चों के साथ बाजार करने गईं थीं।
शाम करीब तीन बजे जब वह ई-रिक्शा से सिविल लाइन स्थित आवास पर लौट रहीं थीं। तभी कलक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर जिला जज आवास के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा को ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचा दिखाकर महिला की सोने की चेन व नकदी लूटकर बदमाश भाग गए।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की मगर हर बार की तरह इस बार भी सफलता हाथ नहीं लग सकी। वहीं, दूसरी वारदात कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत के समीप हुई। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी राहुल यादव रविवार शाम को जब बाइक से शहर आ रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। गले में पड़ी सोने की चेन लूटकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि वारदात के संबंध में उसने थाने में तहरीर दी है।
सीओ सिटी राकेश पांडेय ने बताया कि सिपाही के साथ लूट की तहरीर मिली है। वहीं, दूसरी वारदात के संबंध में तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।