मैनपुरी। बजरंगबली की मड़ैया के पास गांव उदयपुर से शहर आ रहे दंपती पर नामजद लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हमले में पत्नी बाल-बाल बच गई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई। घायल को सैफई भेजा गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी ग्रीश यादव सोमवार की शाम करीब छह बजे पत्नी गीता यादव के साथ बाइक से शहर आ रहे थे। बाइक जब बजरंगबली की मड़ैया के पास पहुंची तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे महावीर, जयवीर, राजेश उर्फ राजे, जुगेश, मनोज और सुग्रीव ने बाइक को रुकवा लिया। आरोप है कि बाइक रुकते ही ग्रीश के साथ मारपीट करते हुए अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया।
फायरिंग के दौरान चली एक गोली ग्रीश के जा लगी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मद्द से घायल ग्रीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। थाना पुुलिस ने गीता यादव की तहरीर पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।