मैनपुरी। करहल रोड पर शुक्रवार को भूख से तड़प रही मासूम को शराबी पिता ने बेरहमी से पीटा। बच्ची की पिटाई देखकर मौजूद लोगों ने उसे पिता से छीन लिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस फर्रुखाबाद निवासी व्यक्ति को पकड़ कर थाने ले गई। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने आरोपी को जेल भेजने की बात कही। बाद में पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के गांव उनासी का रहने वाला सर्वेंद्र कुमार शराब पीने का आदि है। उसकी इन हरकतों से घरवाले और रिश्तेदार भी परेशान हो गए थे। करीब दो वर्ष पूर्व उसने एक भट्ठे पर मजदूरी करने वाली आठ बच्चों की मां को भगाकर शादी कर ली। महिला से उसे एक बच्ची हुई।
दोनों फिरोजाबाद आ गए और वहां एक चूड़ी बनाने की फैक्ट्री में काम करने लगे। शुक्रवार को सर्वेंद्र ने शराब पी और पत्नी तथा छह माह की मासूम देवकी को साथ लेकर गांव के लिए बस में बैठ गया। करहल बाईपास चौराहा पहुंचने पर उसने देखा कि पत्नी वहां से गायब थी।
उसने काफी देर तक तलाश किया मगर कोई पता नहीं लग सका। इस बीच बच्ची भूख से तड़पने लगी। आरोपी ने उसकी कोई परवाह नहीं की। जेब में बचे रुपयों से उसने शराब पी ली। इसके बाद रोती बच्ची को सर्वेंद्र ने पीटना शुरू कर दिया। करहल चौराहा के पास बच्ची की पिटाई देखकर मौजूद लोगों उसे सर्वेंद्र ने छीन लिया। साथ ही विरोध करने पर सर्वेंद्र की पिटाई कर दी।
सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई। शनिवार सुबह उसके रिश्तेदार थाने पहुंचे। उन्होंने सीओ सिटी राकेश पांडेय को बताया कि आरोपी को समझा कर हार चुके हैं। उसका ठिकाना जेल में ही है, वरना वह बच्ची को किसी दिन मार डालेगा। पुलिस ने आरोपी को लिखापढ़ी करने के बाद जेल भेजा है।