मैनपुरी। कस्बे के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान स्थित कोचिंग संचालक के मकान का ताला तोड़कर बुधवार की रात चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी ले भागे। वहीं भोगांव रोड निवासी जिला पंचायत सदस्य के घर से सबमर्सिबल पंप, केबल आदि सामान चोरी हो गया। तहरीर लेकर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान निवासी मोहन लाल कोचिंग संचालक हैं। बुधवार को अपने पैतृक गांव धारऊ एक कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के सभी सदस्यों के साथ गए थे। रात को चोरों ने घर के ताले तोड़कर कमरे में रखी अलमारी और बक्सों से करीब 85 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
गुरुवार की सुबह जब मोहन लाल घर लौटे तो मकान का टूटा ताला और बिखरे सामान देख उनके होश उड़ गए। घर में रखी नकदी और गहने भी गायब थे। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आकर मौका मुआयना किया।
दूसरी घटना भोगांव रोड के समीप रहनेे वाले जिला पंचायत सदस्य के घर में हुई। जिला पंचायत सदस्य प्रवीन यादव 27 नवंबर को गांव सोबनपुर थाना बेवर गए हुए थे। उनके बंद मकान का जंगला तोड़कर चोर छत पर पहुंचे।
वहां रखी सबमर्सिबल पंप, केबल और अन्य सामान चोरी कर लिया। गुरुवार की सुबह घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।