मथुरा। लापता छात्रा की तलाश में पुलिस पुणे पहुंच गई है। बताया जा कि पुणे में उसके पिता सर्विस करते हैं जहां पूरे परिवार ने एक महीने का वक्त बिताया था। वहीं, आगरा भी एक पुलिस टीम को भेजा गया था। लेकिन फिलहाल छात्रा का कहीं कोई सुराग नहीं लगा है। मामले में कुछ छात्रों से भी पूछताछ की गई। हाईवे पुलिस छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है
थाना हाईवे की एक कालोनी की छात्रा तीन जुलाई को ई-रिक्शा से स्कूल जाते वक्त लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश किया, पर छात्रा का सुराग नहीं लगा। आखिरकार पिता ने अपहरण का मुकदमा थाना हाईवे में दर्ज कराया। दूसरे दिन भी छात्रा का सुराग न लगने पर परिजनों एवं कालोनी के लोगों ने दो घंटे तक हाईवे जाम करके हंगामा किया था। पांच जुलाई को हाईवे पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने स्कूल के गेट पर उतारने की बात बताई।
उधर, मामले में हाईवे पुलिस ने छात्रा की कॉल डिटेल खंगाली है। छात्रा को किए गए फोन के आधार पर हाईवे पुलिस आगरा पहुंची। यहां पर तीन छात्रों से पूछताछ की तो वह छात्रा के भाई के मित्र निकले। पुलिस के हाथ नाकामी लगी तो वह बैरंग लौट आई। एसपी (सिटी) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में पूरे परिवार के साथ छात्रा भी पुणे में पिता के पास गई थी। इसी के चलते पुलिस की एक टीम को पुणे रवाना किया गया। इसके अलावा पुलिस की और टीमें छात्रा की तलाश में जुटी हुई हैं।
तीन युवक-दो छात्रों की पूछताछ
हाईवे पुलिस ने कालोनी से तीन युवकों एवं दो छात्रों से पूछताछ की है। हालांकि पुलिस को फिलहाल कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ नहीं लगे हैं। फिर भी पुलिस ने इन पांचों को थाने पर ही बैठाया हुआ है।