रेंज के चार जिलों में जल्द ही 44 इंस्पेक्टर और 104 सब-इंस्पेक्टर का बोरिया बिस्तर बंधने जा रहा है। इनका जिले से बाहर तबादला किया जाएगा। इसके लिए सूची तैयार हो चुकी है। रेंज आफिस से इसे शासन को भेज दिया गया है। अब सिर्फ चुनाव आयोग के निर्देश का इंतजार है।
इनमें सबसे ज्यादा इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर आगरा जनपद के हैं। यहां तैनात आधे से ज्यादा इंस्पेक्टर को जिले से बाहर जाना होगा। पुलिस महकमे में भारी हलचल है। कई तो ऐसे मठाधीश हैं, जो पांच साल से जमे हुए हैं।
ऐसे भी सीओ हैं जो लंबे समय से आगरा में जमे हैं। कभी एक सर्किल में तो कभी दूसरे में। पूरा शहर घूम चुके हैं। ट्रांसफर कई बार हुआ लेकिन जुगाड़ से रुकवा लिया। अब चुनाव आयोग का आदेश है, जाना ही पड़ेगा। इसी तरह इंस्पेक्टरों में हलचल मची है। जनपद से 21 इंस्पेक्टर का तबादला होने जा रहा है। इनमें से कई चार्ज पर हैं। रेंज आफिस से शासन को लिस्ट जा चुकी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आयोग का निर्देश आने पर ही तबादले किए जाएंगे।
सूची में एक तो वे इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर लिए गए हैं, जो पिछले चार साल में तीन साल एक ही जनपद में तैनात रहे हैं। दूसरा जो 2012 के चुनाव में उसी जनपद में थे, जहां अब तैनात हैं। जो दरोगा एक ही सर्किल में तीन साल तैनात रहे हैं, उन्हें संबंधित विधान सभा क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित किया जाना है।
आगरा मथुरा फीरोजाबाद मैनपुरी
इंस्पेक्टर 21 11 10 02
सब इंस्पेक्टर 31 34 19 20
सीओ की सूची डीजीपी आफिस में बनी
आगरा। इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर की लिस्ट एसएसपी स्तर पर तैयार की गई है। इसे रेंज के माध्यम से शासन को भेजा गया है। जबकि सीओ की लिस्ट डीजीपी आफिस से तैयार की जा रही है। आगरा रेंज के 10 से अधिक सीओ का नाम इसमें शामिल बताया गया है। आगरा शहर में ही ऐसे तीन सीओ तैनात बताए गए हैं।