एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर वारदात
- फोटो : demo pic
साइबर क्रिमिनल ने केनरा बैंक की पीओ के एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। अधिकारी ने थाना छत्ता में मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर क्राइम सेल मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद निवासी पंखुरी पांडेय केनरा बैंक में पीओ हैं। दो मार्च को दिल्ली के कनॉट पैलेस में उन्होंने एटीएम से तीन हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने एटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया। साइबर क्रिमिनल ने आठ मार्च को उनके खाते से चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए।
शाम तकरीबन 4:10 से 4:12 के बीच में उनके पास एसएमएस आने पर घटना की जानकारी हो सकी। उन्होंने बैंक से जानकारी की तो पता चला कि यह रकम जीवनी मंडी में बैंक आफ इंडिया के एटीएम से निकाली गई है। इस पर उन्होंने थाना छत्ता में तहरीर दी है।
पुलिस बैंक से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज हासिल करेगी। बैंक अधिकारी का कहना है कि एटीएम कार्ड उनके पास ही था। संभवत: उनके कार्ड का क्लोन बनाकर यह वारदात को अंजाम दिया गया है।