मैनपुरी। पुलिस अभी तक उद्योगपति के पुत्र की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है। हालांकि जांच में पता चला है कि कुछ लोग मुरली मनोहर से जबरन प्रॉपर्टी खरीदना चाहते थे, जबकि मां बसंती देवी जमीन बेचने को तैयार नहीं थीं। इसको लेकर भी परिवार का विवाद चल रहा था।
मोहल्ला अवध नगर निवासी उद्योगपति रामेश्वर दयाल तापड़िया के पुत्र मुरली मनोहर तापड़िया की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। मां बसंती देवी को जान से मारने की कोशिश की गई थी।
उनका उपचार सैफई मिनी पीजीआई में चल रहा है। पुलिस की जांच में करोड़ों की प्रॉपर्टी विवाद ही हत्या की वजह नजर आ रही है। वहीं, कुछ अहम जानकारियां मिलीं हैं कि जिससे हत्या की वजह संपत्ति की बिक्री को लेकर विवाद होना बताया गया है। हालांकि अभी तक कोई भी अधिकारी साफ तौर पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि बसंती देवी संपत्ति को बेचने को तैयार नहीं थीं।
कुछ लोग मुरली मनोहर से जबरन संपत्ति खरीदना चाहते थे। घर में संपत्ति से जुडे़ दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। इस वजह से भी हत्याकांड संपत्ति विवाद की ओर ही इशारा कर रहा है। अगर यह जानकारी सही है तो पुलिस के लिए उस व्यक्ति के बारे में पता लगाना अहम है जो संपत्ति को खरीदने के लिए तैयार था। शायद उस व्यक्ति का पता लगने से घटना के खुलासे में पुलिस को मदद मिल सके।