आगरा। ताजगंज क्षेत्र की दलित युवती के साथ चार युवकों ने सामुहिक दुराचार कर वीडियो रिकार्डिंग बना ली। इसे सोशिल मीडिया पर शेयर करने की धमकी देकर एक आरोपी ने महीनो तक उसका यौन शोषण किया। युवती ने अब सिकंदरा थाना में चारों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एक आरोपी ने उससे प्यार का नाटक किया। इसी दौरान उसकी नगर निगम में लिपिक की नौकरी लगवाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये भी हड़प लिए।
युवती ने बताया कि 2015 में सदर क्षेत्र स्थित मोबाइल की दुकान पर कि वह सेल्स एग्जीक्यूटिव की नौकरी करती थी। तभी एजेंसी संचालक पवन वर्मा निवासी मारुति प्रवासन, सदर से उसकी दोस्ती हो गई। पवन ने उसे दो सिमकार्ड दिए, जिस पर उससे बात करता था। कुछ दिन बाद ही वह प्रेम विवाह करने की बात कहने लगा। उसने मना किया, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ गया।
इस पर उसने हां कर दी। एक दिन पवन उसे अपने घर ले गया। आरोप है कि उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। विरोध करने पर जल्द शादी की कहने लगा। इसके बाद पवन ने उसकी नगर निगम में क्लर्क की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। अपने मित्र अनिल उर्फ गेंदा (पीर कल्याणी) और गगन चौधरी (बोदला) से मिलवाया। दोनों की नगर निगम के अधिकारियों से साठगांठ होने का भरोसा दिलाया। 3.5 लाख रुपयों की मांग की। 17 नवंबर 2016 को एडवांस के रूप में एक लाख रुपये के चेक भी ले लिए। नौकरी नहीं लगने पर जब उसने रुपयों की मांग की तो टालमटोल करने लगे।
दो मई को पवन युवती के पास आया। एक लाख रुपये वापस दिलाने की बात कहकर उसे कारगिल स्थित दोस्त धीरज के कार्यालय पर ले गया। अनिल और गगन ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वीडियो भी बना ली। होश में आने पर पुलिस से शिकायत करने की कहने पर आरोपियों ने मारपीट के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वीडियो शेयर कर बदनाम करने की धमकी देने लगे। इसके बाद पवन उसका शोषण करने लगा। वह दहशत में आ गई थी। दो दिन पहले पीड़िता ने एसएसपी आफिस में शिकायत की। थाना सिकंदरा में गैंग रेप सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सीओ हरीपर्वत एएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।