मैनपुरी। त्योहार पर कर चोरी करके बेचने के लिए लाए गए सामान को पकड़ने के लिए विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान 7.25 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।
त्योहार पर दुकानदारों द्वारा लाए गए सामान में वाणिज्य कर की चोरी किए जाने की शिकायतें मिलती हैं। ऐसी ही शिकायतों पर वाणिज्य कर विभाग ने जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त सचल दल और वाणिज्य कर अधिकारी की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर कर चोरी करके लाए गए सामानों को वाहनों सहित पकड़ा।
कर चोरी करने के मामले में सामान के आधार पर जुर्माना वसूला गया। विभिन्न मार्गों पर की गई जांच में चार डीसीएम, तीन टाटा मैजिक में लदे सामान के आधार पर कर चोरी का मूल्यांकन करने के बाद टीमों ने 7.25 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है।
सहायक आयुक्त सचल दल वाणिज्य कर विजय सिंह बिसेन ने बताया जुर्माना वसूलने के साथ ही कर चोरी नहीं करने की हिदायत दी गई है। दोबारा कर चोरी पाए जाने पर अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा।