मैनपुरी। आजमगढ़ में जहरीली शराब से हुई नौ लोगों की मौत के बाद सभी जिलों में आठ जुलाई से 15 जुलाई तक अभियान चलाकर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। जिले भर में पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। शनिवार व रविवार को पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई लोगों शराब सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कुरावली में रविवार को आबकारी टीम ने थाना पुलिस के साथ क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर छापेमारी की। काली नदी के समीप अभियान चलाकर वहां सुलग रहीं करीब एक दर्जन से अधिक भट्ठियों को तोड़कर नष्ट कर दिया। करीब 15 हजार लीटर लहन को फैलाकर नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान 150 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की। गांव अलूपुरा, गोकुलपुर, तिमनपुर में शराब की बरामदगी की। हालांकि इस बार भी आरोपी काली नदी में कूदकर भाग निकले। इसके अलावा थाना पुलिस ने गांव मकरपुर मार्ग से रामनरायन, सतीश को 15-15 लीटर कच्ची शराब, गिहार कालोनी निवासी मनोज को 10 लीटर, अल्फेश निवासी गांव डंगऊ नगरिया को शराब सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा।
किशनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम थाना पुलिस ने गांव दुम्हार में छापेमारी की। 20 लीटर कच्ची शराब सहित एक आरोपी अरविंद उर्फ शिवबख्श को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से शराब में मिलाने के लिए रखा गया यूरिया भी बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को चालान कर जेल भेजा है।
भोगांव थाना पुलिस ने इटावा के थाना वैदपुरा के गांव नगला हरीसिंह निवासी छोटेलाल और गिहार कालोनी निवासी छोटू उर्फ विपिन को पुलिस ने शराब सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
शनिवार शाम को पुराने बस स्टैंड के समीप जिन दो अज्ञात अधेड़ के शव बरामद हुए हैं। उनकी मौत भी कच्ची शराब पीने से होने की बात कही जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि दोनों की मौत की असली वजह क्या है।
कुरावली की जहरीली शराब से एटा में हुई थीं मौतें
वर्ष 2016 में एटा में जहरीली शराब पीने से करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है। उक्त शराब कुरावली थाना क्षेत्र से सप्लाई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे कारोबारी को शराब सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं एटा और मैनपुरी पुलिस के बीच शराब की सप्लाई को लेकर विरोधाभास भी हुआ था।