मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरीबा में शनिवार शाम गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया है।
इटावा के गांव इदुआहार निवासी बालकराम ने करीब तीन वर्ष पूर्व पुत्री मालती की शादी थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरीबा निवासी मनोज कुमार के साथ हुई थी। वह अब आठ माह की गर्भवती थी। शनिवार शाम को विवाहिता की घर पर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने बताया कि कपड़ों पर प्रेस करते समय अचानक करंट लगने से मालती की मौत हो गई। वहीं जानकारी होने के बाद मायके वाले घर पहुंच गए।
पिता ने दामाद व अन्य ससुरालीजनों पर दहेज में एक लाख रुपये व बाइक ने देने पर बेटी का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मांग पूरा न होने पर गला दबाकर और प्रेस से जलाकर मारने का आरोप लगाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं देवर विनोद कुमार, ननद ममता किरन व मंजू और सास रामबेटी के विरुद्ध दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।