कुरावली (मैनपुरी)। शुक्रवार की रात कसबा में जीटी रोड स्थित एक ढाबा पर खड़े ट्रक में भरा आठ लाख का सामान चोरी कर लिया। घटना की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई गई। पुलिस ने ढाबा के चौकीदार को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी।
जनपद मुरादाबाद के थाना संभल के गांव सुल्तानपुर निवासी जाबिर हुसैन पुत्र जाहिद हुसैन गाजियाबाद के फ्लाइंग ग्रीन कैरियर ट्रांसपोर्ट ट्रक संख्या एचआर 55 एफ 1599 में एनोल्ट हैल्थ केयर मोहन नगर गाजियाबाद के 693 कार्टून भरकर गाजियाबाद से लखनऊ के लिए चला।
रात के लगभग एक बजे जाबिर ट्रक लेकर थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित फौजी ढावा के पास पहुंचा और ढावे के चौकीदार को बताकर सो गया। रात के लगभग तीन बजे चौकीदार ने चालक को जगाकर बताया कि ट्रक के पीछे लगी सील टूटी पड़ी है। चालक ने ट्रक में देखा तो ट्रक में रखे आठ लाख कीमत के लगभग 102 कार्टून गायब थे।
चोरोें द्वारा ट्रक की सील तोड़कर कार्टून चोरी कर लिए गए। थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई गई।