फिरोजाबाद(ब्यूरो)। आसफाबाद रेलवे फाटक में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दिल्ली हावडा रेल मार्ग वाधित होने के साथ ही फाटक पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। उधर रेलवे कर्मचारियों ने फाटक को सही किया। तब कहीं जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी राजेश कुमार पुत्र श्यामबाबू ट्रक लेकर नसीरपुर से फिरोजाबाद आ रहा था। आसफाबाद रेलवे फाटक के समीप राजेश ने संतुलन खो दिया और ट्रक फाटक से टकरा गया।
इसके चलते फाटक टूट गया। फाटक टूट जाने के कारण पांच मिनट के लिए दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग वाधित होने के साथ ही फाटक पर जाम लग गया। सूचना पर एसआई रमेश चंद्र चौधरी, हैंड कांस्टेबिल डीके सिंह, सिपाही बलवीर सिंह और विनय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख आरोपी ट्रक चालक मौके से भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया।
इसी बीच रेलवे कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फाटक को ठीक किया। तब कहीं जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।