औंछा (मैनपुरी)। थाना पुलिस ने बुधवार रात को जसराना रोड स्थित एक कृषि यंत्र मरम्मत केंद्र की दुकान में छापेमारी कर अवैध असलाह बना रहे युवक को गिरफ्तार किया है। केंद्र में तमंचा बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पुलिस ने कई निर्मित-अर्धनिर्मित असलहे और उपकरण बरामद किए हैं।
थाना पुलिस को बुधवार रात करीब दो बजे जसराना रोड स्थित शर्मा कृषि यंत्र मरम्मत केंद्र में तमंचा बनाने की सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष एसआर गौतम ने पुलिस बल के साथ केंद्र पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां तमंचा बना रहा युवक वहां से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
विज्ञापन
पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक शर्मा बताया। पुलिस ने कई निर्मित-अर्धनिर्मित असलहे और उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में पकडे़ गए आरोपी ने बताया कि वह तमंचा बनाकर आसपास क्षेत्र में सप्लाई करता है। गुरुवार को लिखापढ़ी करने के बाद आरोपी को चालान कर जेल भेजा है।