मैनपुरी/करहल। थाना क्षेत्र के एक गांव से कोचिंग जाते समय अगवा की गई युवती से चार युवकों के गैंगरेप करने की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में हुई है। इसके बाद पुलिस ने पहले से दर्ज रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है। हालांकि पहले इंस्पेक्टर करहल गैंगरेप की घटना से इंकार कर रहे थे।
पर, पीड़िता के लगातार बयान पर कायम रहने के कारण पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। वहीं शुक्रवार को न्यायालय में पीड़िता का बयान नहीं हो सका।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा का तीन सितंबर को नामजद चार युवकों ने अपहरण कर लिया था। 11 सितंबर को आरोपी उसे घर के बाहर फेंक गए थे। युवती को गंभीर हालत में सैफई अस्पताल में भर्ती कराया था।
युवती ने चार युवकों पर बंधक बनाकर सात दिनाें तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसके बाद भी इंस्पेक्टर करहल लगातार गैंगरेप की घटना से इंकार करते रहे। वहीं पीड़ित परिवार पुलिस पर आरोपियों से मिली भगत का आरोप लगा रहा है। गुरुवार को सैफई मेडिकल कालेज से छुट्टी मिलने पर युवती के बयान और रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पहले से दर्ज अपहरण की रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी।
इससे पहले पिता की तहरीर पर 11 सितंबर को एक नामजद व तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़िता के परिवारीजनों का कहना है कि गुरुवार को एक आरोपी रमेश हाजिर हो गया है।
हालांकि थाना पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। सीओ सिटी राकेश पांडेय ने बताया कि आरोपी पंकज, अनिल, मुकेश और रमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सभी के घर में ताले पडे़ हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।