फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के जैनगगर में ताला तोड़कर हजारों का सामान चोर उठा ले गए। दक्षिण क्षेत्र के मालवीय नगर में चोरों ने चार मकानों को निशाना बनाया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दक्षिण पहुंच गए।
थाना दक्षिण क्षेत्र के मालवीय नगर पेमेश्वर गेट निवासी मनीष पुत्र कालीचरन वर्मा शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा के रिश्तेदार हैं। मनीष ने बताया कि आगरा गया था रविवार को देररात लौटा था। घर को सूना पाकर चोर नकदी व सामान चोरी कर ले गए। मोहल्ले के निवासी सुनील शर्मा, अन्नू राजपूत एवं दीपचंद्र सेठी के भी मकान से मोबाइल फोन के साथ अन्य सामान ले गए। पीड़ितों ने तहरीर दी है। शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा ने थाना दक्षिण पहुंचकर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई किए जाने को कहा है। इधर थाना उत्तर क्षेत्र के जैननगर खेड़ा हरवीर यादव वाली गली में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
जैननगर निवासी अतुल जैन पुत्र सुभाषचंद्र जैन ग्लास एक्सपोर्ट का काम करते हैं। घर पर ताला लगाने के साथ वह अपने बेटे के पास पश्चिम बंगाल स्थित कोलकाता आठ दिन पूर्व चले गए थे। सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला ही खुला देखा तो वह दंग रह गए। उन्होंने बाहर देखा तो उक्त मकान की कुंडी टूटी हुई थी। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी भवन स्वामी के साथ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की। इस संबंध में पीड़ित का कहना है कि कोलकाता में होने के ही कारण पता नहीं क्या सामान गया। वापस आकर पुलिस को तहरीर दूंगा।