अजीतगंज (मैनपुरी)। घर से बाहर निकली किशोरी को दो लोग उठा ले गए। उसे ट्रक में ले जाकर तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। जब किशोरी काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की। कुछ देर बाद वह घर के पास रोते हुए मिली। साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं, किशोरी का मेडिकल कराया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी राजेश सिंह बरेली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाता है। मंगलवार की रात वह ट्रक लेकर गांव आया था। उसके साथ दूसरा चालक साथी लल्ला भी था। रात करीब दो बजे गांव निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी जब घर के बाहर लघुशंका के लिए निकले तो ट्रक चालक उसे मुंह बंद कर ट्रक में उठा ले गए। वहां तमंचे के बल पर दोनों ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर गांव से भाग गए। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश की। घर से कुछ दूरी पर किशोरी रोते हुए मिली। पीड़िता को लेकर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने राजेश सिंह और साथी लल्ला के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच तलाश शुरू कर दी है। वहीं, बुधवर को किशोरी का मेडिकल कराया गया।