मैनपुरी। मोहल्ला गढ़ी में मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों में जमकर लाठी डंडे चले। घर की महिलाएं भी झगडे़ में कूद गईं। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस महिलाओं सहित चार लोगों को पकड़ कर थाने ले गई। सभी के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
मोहल्ला हवेली निवासी हरिपाल और ब्रजेश सगे भाई हैं। दोनों के बीच मकान और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में हरिपाल की पत्नी रुचि और ब्रजेश की पत्नी नित्यम भी आ गईं।
ग्रामीणों ने झगडे़ को शांत कराया तो मामला थाने पहुंच गया। दोनों पक्ष की ओर से तहरीर देने के बाद इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही ने समझौता के प्रयास किए। मगर कोई भी पक्ष समझौता को तैयार नहीं हुआ। जिसके बाद पुलिस ने सभी का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर एसडीएम कोर्ट भेज दिया। शाम को एसडीएम ने दोनों पक्षों को कड़ी हिदायत देने के बाद जमानत दे दी।