मैनपुरी/कुरावली। चार दिन से लापता हुई युवती का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। युवती की हत्या उसी के टुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या के वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव कूकामई निवासी रामवीर पुत्र नत्थूलाल की पुत्री रूबी (20) बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 10 जून की शाम को रूबी अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। रूबी का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर मक्का के खेत में पड़ा मिला। युवती के गले में उसी के दुपट्टे का फंदा लगा था। परिजनों के अनुसार युवती की हत्या गला घोंटकर की गई है।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह और सीओ दद्दन प्रसाद ने थाना पुलिस के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। दोपहर बाद एसपी अजय शंकर राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुरजीत पुत्र कनौजीलाल निवासी कूकामई, अभिषेक पुत्र शिवदयाल निवासी गांव नगरिया के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेकिन पुलिस हत्या की वजह प्रेम प्रसंग मानकर चल रही है।
पिता की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजन हत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
-ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।
-=------
युवती जिस दिन लापता, उसी दिन हुई हत्या
मैनपुरी। कुरावली के गांव कूकामई में युवती की हत्या गला दबाकर उसी दिन की गई थी, जिस दिन वह लापता हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
कूकामई गांव में रूबी की हत्या के बाद से पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने हत्या की वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव चार से पांच दिन पुराना बताया गया है। इससे स्पष्ट है कि युवती की हत्या 10 जून को लापता होने के बाद ही कर दी गई थी। शव मक्का के खेत में पड़े होने के कारण लोगों की नजर नहीं पड़ी। दुर्गंध आने पर जब लोग खेत में गए तो युवती का शव मिला। शुक्रवार दोपहर बाद फोरेंसिक टीम ने जांच की।
-----
ऑनर किलिंग की भी चर्चा
युवती के पिता ने दो युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या क्यों की गई, इस बारे में परिजनों ने ठोस जानकारी नहीं दी है। गांव में ऑनर किलिंग की भी चर्चा है। पुलिस ने इस दिशा में भी जांच कर रही है।
-----
एक आरोपी हुआ गिरफ्तार
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम लगाईं। शाम को पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस युवक से हत्या के संबंध में पूछताछ कर रही है।