कुसमरा(मैनपुरी)। सीबीआई के साथ जांच करने गई चौकी पुलिस के साथ अभद्रता करने के मामले में भाजपा नेताओं सहित 80 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंगलवार को कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव नगला दिनी में सीबीआई की टीम चौकी पुलिस के साथ आईटीबीपी मेें फर्जी कागजात लगाकर नौकरी पाने वाले युवक के घर जांच के लिए पहुंची थी। इस दौरान एक शिक्षक के साथ पुलिस की झड़प भी हो गई थी। पुलिस ने शिक्षक पर गुमराह करने का आरोप लगाया था, वहीं ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद जब टीम वापस चौकी लौटी तो ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं संग चौकी का घेराव किया था। स्थिति नियंत्रण में करने के लिए कई थानों का फोर्स बुलाना पड़ा था।
चौकी इंचार्ज सुनील भारद्वाज ने इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री अजीत भदौरिया, मंडल मंत्री कल्लू मिश्रा, पूर्व प्रधान प्रदीप चौहान, रामप्रकाश शाक्य, मुलायम सिंह, प्रवेश शाक्य, रमेश चंद्र, नवल किशोर, राजीव, दीपक सहित करीब 80 लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सैन्यकर्मी के अभिलेखों की जांच की
बेवर। मंगलवार को कुसमरा में फर्जी कागजात लगाकर नौकरी पाने के मामले में जांच करने पहुंची सीबीआई टीम बुधवार को बेवर पहुंची। थाना पुलिस के साथ असम राइफल्स में भर्ती हुए गांव लालपुर जोत निवासी दिलीप कुमार के अभिलेखों की जांच की। दिलीप भी फर्जी कागजात के आधार पर असम राइफल्स में भर्ती हुआ था।