मैनपुरी-बेवर। कस्बा में बाइक की सर्विस कराने आया एक डेयरी संचालक लापता हो गया। तलाश के बाद भी उसका पता नहीं लग सका। अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। मंगलवार सुबह करीब एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण और डेयरी संचालक थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए सीओ से जल्द पता लगाने की मांग रखी है। थाना क्षेत्र के गांव घुटारा मासूमपुर निवासी डेयरी संचालक मिलाप सिंह(48) सोमवार की दोपहर बाइक की सर्विस कराने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम को उन्होंने घर पर फोन कर बताया कि वह कुछ देर बाद घर लौटेंगे। जब काफी रात हो गई तो परिजनों को चिंता सताने लगी।
नेटवर्क न होने के कारण परिजनों का फोन नहीं लगा। इस पर परिजन तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं लग सका। इसके बाद थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। रातभर पुलिस और परिजन खोजबीन में जुटे रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। मंगलवार की सुबह गांव के करीब एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण और परिजन थाने पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए डेयरी संचालक को जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की। इस बीच लोगों ने सीओ प्रयांक जैन से भी मुलाकात की। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं। वहीं सीओ ने उन्हें डेयरी संचालक के बारे में पता लगाने का आश्वासन दिया है।
------
शाम को बेवर में ही थे मिलाप सिंह
गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस डेयरी संचालक का पता लगाने में जुट गई है। वहीं परिजन भी संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रहे हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि सोमवार की शाम करीब 7:30 बजे तक मिलाप सिंह बेवर में ही थे। उनके मोबाइल की लोकेशन कस्बा में ही थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर तलाश की कोशिश कर रही है।