मैनपुरी/भोगांव। थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस ने तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चकमा देकर तीन आरोपी भागने में सफल रहे। उधर, पकड़े गए लोगों के कब्जे से अवैध असलाह, यूरिया और नशीली गोलियां बरामद हुईं। एएसपी ने प्रेसवार्ता कर घटना के बारे में जानकारी दी।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि थाना भोगांव पुलिस को बुधवार की शाम सूचना मिली कि यूरिया मिश्रित शराब की बिक्री करने वाले गांव छाछा आए हुए हैं। उक्त सूचना पर पुलिस ने गांव छाछा पॉलीटेक्निक के पास घेराबंदी की। पुलिस से खुद को घिरता देख अवैध शराब कारोबारियों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से संभलने के बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए। उनके कब्जे से दो तमंचा कारतूस, एक चाकू, यूरिया मिश्रित शराब, यूरिया और 1200 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
पूछताछ में पकड़े गए धंधेबाजों ने अपने नाम धरमू, रंजीत और राजकपूर निवासी गिहार कालोनी बताया। भागे हुए साथियों के नाम अजीत यादव, वकील यादव निवासी गांव परतापुर और गप्पू निवासी गांव महानंदपुर बताया। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए व भागे लोगों पर 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।