घ्ाटनास्थ्ाल का जायजा लेती पुलिस की टीम
- फोटो : अमर उजाला
बेवर (मैनपुरी)। सदर चौराहा के पास मकान बना कर रह रहे एक कपड़ा व्यवसायी के घर से रविवार की रात चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी उड़ा दी। सोमवार सुबह मामले की जानकारी होने पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल जांच की। वहीं पास से ही एक खेत से खाली सूटकेस भी बरामद किया है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र में सदर चौराहा हनुमान मठिया के पास कपड़ा व्यवसायी राहुल भारद्वाज की दुकान व मकान है। व्यवसायी दुकान के ऊपर बने घर में रहता है। रविवार की रात चोर मकान के पिछले हिस्से से चढ़ कर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। रात को पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने कमरों के ताले तोड़ लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह जब व्यवसायी व परिजन जागे तो कमरों के ताले टूटा देख होश उड़ गए।
अलमारी व बक्सों में रखा सामान इधर उधर बिखरा हुआ था। पीड़ित के मुताबिक चोर हार के चार सेट, आठ कंगन, छह चूड़ी, आठ अंगूठी व अन्य जेवर चुरा ले गए, वहीं दुकान की गोलक में रखे करीब 6.13 लाख रुपये भी ले गए। जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान घर से चुराए गए सूटकेस करीब एक किलो मीटर दूर गोशाला के पास खाली पड़े मिले। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है, पुलिस घटना का खुलासे में जुट गई है।
बेवर। सदर चौराहा के पास जिस स्थान पर लाखों की चोरी हुई है। वहां पास ही 24 घंटा पुलिस पिकेट तैनात रहती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि चोरों ने पुलिस की नाक के नीचे ही वारदात को अंजाम दिया है। यह चोरी की वारदात निश्चित तौर पर पुलिस के सतर्कता के दावों की पोल खोल रही है।
बेवर। सदर चौराहा के पास कपड़ा व्यवसायी के घर लाखों की चोरी की घटना के बाद डॉग स्क्वॉड सुरागकशी करने पहुंचा। छानबीन के दौरान घर से करीब एक किलोमीटर दूर पड़ा खाली सूटकेस मिला। उधर, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से चोरों की उंगलियों के निशान लिए है। वहीं नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब ले गए है।