फिरोजाबाद। मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर एसआरके इंटर कालेज के छात्र को कुछ युवकों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। बचाने आए भाई को भी आरोपियों ने पीटा। लोगों को एकत्रित होते ही आरोपी भाग गए।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव नगला गडरिया निवासी नेपाल सिंह बघेल के बेटे सोनू की कोटला में मोबाइल की दुकान है। बुधवार को सोनू दुकान पर बैठा था। सोनू का भाई भोलेशंकर एसआरके इंटर कालेज में कक्षा 11वीं का छात्र है। स्कूल की छुट्टी के बाद भोलेशंकर भाई की दुकान पर पहुंचा था तभी आतीपुर गांव के कुछ युवक दुकान पर मोबाइल चार्ज कराने पहुंच गए।
सोनू के मना करने पर युवकों का सोनू से विवाद हो गया। जब दुकान पर खड़े भोलेशंकर ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवकों ने भोलेशंकर से मारपीट शुरू कर दी। भाई को बचाने आए सोनू को भी आरोपियों ने दौड़ा लिया और दोनों भाइयों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
इस बीच हिंदू जागरण मंच के महामंत्री अमित गुप्ता सहित काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए तो हमलावर युवक वहां से भाग गए। अमित गुप्ता क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल लेकर आए। यहां उनकी हालत गंभीर होने पर भर्ती तो कर लिया गया लेकिन मजरुमी चिट्ठी न होने के कारण डाक्टरी परीक्षण नहीं हो सका।