मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम की आधे से ज्यादा जमीन जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था की बाउंड्रीवाल के दायरे में है। इस जमीन को मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ यूपीएसआईडीसी ने उपाय शुरू कर दिए हैं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद पत्रावलियां कुरेद रहे यूपीएसआईडीसी के अफसरों ने राजस्व विभाग के साथ भी रिकार्ड को लेकर मिलान किया। यूपीएसआईडीसी के अवर अभियंता ने बताया कि यह विवादित क्षेत्र 139 एकड़ का है, जिसमें 54 एकड पर जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था का स्वामित्व है, जबकि बाकी जमीन यूपीएसआईडीसी की है।
यह जमीन 85 एकड़ के करीब है। इसमें अधिकांश जमीन पर यूपीएसआईडीसी का स्वामित्व भी है। कुछ जमीन को लेकर आश्रम के साथ विवाद बना हुआ है। अब हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर जमीन की स्थिति स्पष्ट करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। इसके लिए यूपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक ने मौका मुआयना भी कर लिया है।