फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोलेरो लूटकर भाग रहे बदमाशों ने एसओ, दरोगा और होमगार्ड को रौंदा

विज्ञापन
विज्ञापन
बेवर (मैनपुरी)। बेवर क्षेत्र से मंगलवार रात बोलेरो लूटकर भाग रहे बदमाशों ने एलाऊ थाना क्षेत्र में बैरियर लगाकर रोकने का प्रयास कर रहे एसओ, पीआरवी के दरोगा व होमगार्ड को रौंद दिया। घटना के बाद बदमाश कुसमरा की ओर भाग निकले। कई थानों के फोर्स ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया।
विज्ञापन


पूछताछ में दोनों ने खुद को एटा निवासी बताया। घायल दरोगा व होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से दरोगा को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। पकडे़ गए बदमाशों ने थाना कोतवाली क्षेत्र में वाहन लूट की कई घटनाएं स्वीकार की हैं। पुलिस ने निशानदेही पर एक कार भी बरामद की। बुधवार को बदमाशों को जेल भेजा गया है।

थाना बेवर के गांव रामनगर गढ़िया निवासी जितेंद्र सिंह मंगलवार रात को दामाद राकेश के साथ पुत्र पवन को बोलेरो से बस स्टैंड छोड़ने के बाद घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे मोटा रोड से गांव जाने वाले मार्ग पर मुडे़ तभी तीन बदमाशों ने गाड़ी को हाथ देकर रुकवा लिया। गाड़ी के रुकते ही तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाते हुए गाड़ी से बाहर निकलने को कहा।
विज्ञापन


बिना समय गंवाए गाड़ी में बैठे अन्य लोगों को धक्का मारकर बाहर निकाल दिया और पलक झपकते ही बोलेरो लेकर भाग गए। घटना की जानकारी जितेंद्र ने तुरंत ही थाना पुलिस को दी तो क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। मगर शुरुआत में कोई सफलता नहीं मिल सकी।

रात करीब 11:30 बजे थाना एलाऊ क्षेत्र में लूटी हुई बोलेरो के पहुंचने की जानकारी मिली तो थानाध्यक्ष राजेश कुमार मीणा, पीआरवी 0693 पर तैनात दरोगा कंबोद सिंह, होमगार्ड मान सिंह ने बैरियर लगा दिया। पुलिस को सामने खड़ा देखकर भी बदमाशों ने गाड़ी को धीमा नहीं किया और तीनों को रौंदते हुए बैरियर तोड़कर भाग निकले। हादसे में कंबोद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं थानाध्यक्ष व होमगार्ड चोटिल हो गए। कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद कई थानों की फोर्स बदमाशों के पीछे दौड़ गई। पुलिस ने कुसमरा चौराहा के समीप घेराबंदी कर बोलेरो को रुकवा कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर बदमाशों ने अपने नाम आसिफ उर्फ छोटे निवासी गांव धरौली थाना जैथरा एटा और दीपू शर्मा निवासी कांशीराम कालोनी थाना अलीगंज एटा बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर थाना कोतवाली क्षेत्र में की गई कई घटनाओं को स्वीकार किया। बताया कि वाहन चोरी करने के बाद उन्हाेंने बेचे हैं। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर एक मारुति ईको भी बरामद की। उधर, दरोगा का उपचार आगरा में चल रहा है।

एसपी ने पुलिस टीम को दिया पांच हजार का इनाम
बोलेरो लूट कर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसपी राजेश एस ने बुधवार शाम को प्रेसवार्ता के दौरान पांच हजार नकद इनाम दिया। टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश आसिफ गैंग का लीडर है। अभियुक्तों पर थाना जैथरा, हाथरस, अलीगढ़, थाना क्वार्सी में आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कई आपराधिक वारदातें की हैं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें