आगरा में राष्ट्रीय बजरंग दल की रविवार को निकाली जा रही आमंत्रण यात्रा को पुलिस ने रोक दिया। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के 21 अक्तूबर को अयोध्या कूच की घोषणा के संबंध में यह यात्रा निकाली जा रही थी। प्रदेश भर से करीब पांच लाख कार्यकर्ताओं को लखनऊ ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। फुलट्टी चौराहे पर पुलिस ने यात्रा रोक दी और रथ को कब्जे में लेकर कार्यकर्ताओं को थाने में बिठा लिया। हालांकि बाद में पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।
तय कार्यक्रम के मुताबिक जिलाध्यक्ष संजय जाट के नेतृत्व में कार्यकर्ता आगरा किला के पास स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र हुए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज ने केसरिया झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में कार्यकर्ता श्रीराम का रथ लेकर चल रहे थे। बिजलीघर चौराहे से यात्रा मन:कामेश्वर मंदिर पहुंची। यहां सभा आयोजित की गई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज ने कहा कि 20 अक्तूबर की शाम कार्यकर्ता लखनऊ जाएंगे और वहां से अयोध्या कूच किया जाएगा। सभा को प्रांत संगठन मंत्री हरेंद्र, सतेंद्र बरुआ, संजय जाट, गोविंद पाराशर ने संबोधित किया।
इसके बाद यात्रा आगे बढ़ी तो फुलट्टी चौराहा पर थाना प्रभारी छत्ता ने रोक दिया। कार्यकर्ताओं को पुलिस जीवनी मंडी पुलिस चौकी पर ले गए। सीओ छत्ता भी पहुंच गए थे। जानकारी होने पर राष्ट्रीय बजरंग दल के अन्य पदाधिकारी भी चौकी पर पहुंच गए। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने रथ वाले वाहन को सीज कर दिया और कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया। यात्रा में रौनक ठाकुर, सनी, देव ठाकुर, रंजीत, आकाश कुशवाह, अंकित चौहान, जितेंद्र राजपूत, अजय तोमर, अजय पंडित, वल्देव बघेल, अभिषेक लवानियां आदि शामिल रहे।