मैनपुरी-कुरावली। बाइक के साइकिल से टकराने के बाद हुई मारपीट के बाद दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। घटना के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। तनाव की स्थिति बनती देख पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला वैदन टोला निवासी सचिन गुप्ता शनिवार की शाम होली मिलने के लिए साइकिल से कहीं जा रहे थे। तभी क्षेत्र निवासी मुकीम का भांजा मोहसिन वहां से बाइक लेकर गुजरा। बाइक सचिन से रगड़ती हुई निकली, जब सचिन ने विरोध किया तो दोनों में विवाद होने लगा। दोनों पक्षों में हुई मारपीट के बाद मोहसिन देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद मोहसिन साथियों के साथ सचिन के घर आ पहुंचा। वहां विवाद के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मोहसिन व उसके साथियों को काफी दूर तक खदेड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद मोहसिन पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। फायरिंग से क्षेत्र में खुली कुछ दुकानें भी बंद हो गई। अफरा तफरी का माहौल बन गया। तनाव की स्थिति बनती देख थाना पुलिस पहुंच गई। तनाव को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गश्त कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से तनाव की स्थिति से इनकार किया गया है।