आगरा। साइबर अपराधी ओएलएक्स पर भी अपना जाल बिछा रहे हैं। शहर का एक युवक ऐसे ही जाल में फंस गया। उसे लालच दिया था नामचीन कंपनी का लैपटाप 18 हजार 448 रुपये में देने का।
उसने पहले फोन से संपर्क किया। फिर ई-मेल से। यकीन होने पर पेटीएम के माध्यम से रकम का भुगतान कर दिया। इसके बाद अपराधी ने ई-मेल का जवाब देना बंद कर दिया। फोन स्विच आफ कर लिया। इसकी शिकायत आने पर रेंज साइबर सेल ने उसकी रकम वापस कराई है।
इसके लिए पेटीएम से पैसा हस्थान्तरण करने वाली कंपनी से संपर्क किया गया । साइबर अपराधी को पेमेंट रुकवाया गया। पीड़ित को वापस दिलवा दिया गया। कुशमेंद्र ने इस ठगी की शिकायत आईजी रेंज मुथा अशोक जैन से की थी। उन्होंने केस साइबर सेल को सौंप दिया था।
उधर, ओएलएक्स को हथियार बनाने का यह चौथा मामला है। इससे पहले कागारोल और मलपुरा में तीन लूट की गई थी।
इनमें इस वेबसाइट पर कार का विज्ञापन दिया गया था। सस्ती कार बेचने का लालच देकर लोगों को बुलाया गया। फिर उन्हें लूट लिया गया। इसमें मथुरा का गिरोह पकड़ा गया था। इसके अलावा मथुरा में टटलुओं के गिरोह भी अब ओएलएक्स को हथियार बना रहे हैं। वे भी कार, बाइक, लैपटॉप के विज्ञापन पोस्ट कर रहे हैं। जो खरीदने आता है उसे लूट लेते हैं।