मथुरा। ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर स्लीपर टिकट बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से सात टिकट भी मिले हैं। वह कंप्यूटर भी बरामद किया गया है जिसका वह प्रयोग कर रहा था।
रेलवे की खुफिया विंग को पता चला कि गोवर्धन में एक युवक अवैध रूप से ट्रैवल्स एजेंसी चला रहा है। यात्रियों की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर रेलवे की स्लीपर टिकट बनाता है। इस पर आरपीएफ ने गोवर्धन के मेवाती मोहल्ला में छापा मारकर सोमदत्त शर्मा नाम के युवक को दबोच लिया।
आरपीएफ प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि सोमदत्त शर्मा के पास से रेलवे की सात स्लीपर टिकट व कम्प्यूटर व टिकट निकालने के उपकरण मिले हैं। बताया कि सोमदत्त टिकट लेने वाले यात्रियों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बना लेता था।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से स्लीपर टिकट निकाल लेता था। इस मामले में सोमदत्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को उसे रेलवे कोर्ट में पेश किया जाएगा।