बांदा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालू और गिट्टी भरे ट्रकों से वसूली करने का विरोध करने पर दबंगों ने लोहे की सरिया से हमलाकर कार सवार दो युवकों का सिर फोड़ दिया। घायल के भाई ने दो दबंगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार की रात बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव के पास स्कार्पियो सवार दो दबंग बालू और गिट्टी भरे ट्रकों से रंगदारी वसूल रहे थे। इसी दौरान शहर के अलीगंज निवासी हरदेव त्रिपाठी (40) पुत्र कृष्णदत्त अपने छोटे भाई आशीष त्रिपाठी (32) व रिश्तेदार उमेश मिश्रा (39) के साथ निजी कार से लखनऊ से लौट रहे थे। उनकी कार वसूली के लिए रोके गए ट्रकों के जाम में फंस गई।
दोस्त उमेश मिश्रा कार से उतर कर जाम खुलवाने पहुंचा तो ट्रकों से वसूली कर रहे स्कार्पियो सवार दोनों दबंग उससे भिड़ गए और सरिया मारकर उमेश का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव को पहुंचे हरदेव त्रिपाठी के सिर पर भी लोहे की राड मारकर लहूलुहान कर दिया और फिर दबंग भाग निकले।
तिंदवारी थाने पहुंचकर घायलों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। आशीष त्रिपाठी की तहरीर पर देहात कोतवाली क्षेत्र के बड़ेहा गांव निवासी फुल्लन सिंह और जगपत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504 व 308 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। गुरुवार को घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। तिंदवारी थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि हमलावर जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।
-लखनऊ से लौट रहे कार सवार यात्रियों के फोड़े सिर
-ट्रकों से कर रहे थे स्कार्पियो सवार युवक वसूली
-तिंदवारी थाने में दो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो