मैैनपुरी। हरिहरपुर गांव में 100 रुपये की उधारी वापस मांगने पर आरोपियों ने युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। सूूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी पहुंच गई। पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरिहरपुर निवासी रामकिशन लोधी ने कुछ दिन पूर्व गांव के अजय को रुपये उधार दिए थे। गुरुवार अपराह्न करीब 11 बजे अजय मंदिर के पास मिला तो रामकिशन ने उससे उधार दिए गए रुपये मांगे।
इतनी बात सुनकर अजय क्रोधित होकर गाली गलौज करने लगा। अपने दो साथियों कुंवर और बाबा उर्फ तेजा के साथ मिलकर मारपीट करने लगा। झगड़ा बढ़ता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव के लिए रवाना हो गई। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अजय, कुंवर और बाबा के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।