मैनपुरी। मोहल्ला रघुराजपुरी के व्यक्ति की सिम खोना बताकर उचक्के द्वारा दूसरी सिम निकालकर उसके खाते से हजारों रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रघुराजपुरी निवासी शिव नारायण का खाता स्टेशन रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक में हैं। 17 जनवरी 2017 को उनके खाते से पहले चार हजार, फिर पांच हजार और तीसरी बार में एक हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उनकी सिम बंद हो गई। जब उन्होने बैंक जाकर जानकारी की तो पता चला कि आन लाइन ट्रांजेक्शन किया गया है।
वह एयरटेल कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि शातिर ने उनकी सिम को खोना बताकर दूसरी सिम जारी कराई थी। धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद जब उन्होंने अज्ञात व्यक्ति व एयरटेल के स्थानीय शाखा के कर्मियों पर मिली भगत का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करानी चाही तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दिया था। अदालक के आदेश पर रविवार को अभियोग दर्ज करके पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।