किशनी (मैनपुरी)। रविवार की देर सांय नगर से दुकान बेद कर जा रहे युवक से तीन बाइकों पर सवार बदमाशों ने मारपीट कर सोने की जंजीर व नगदी लूट ली। विरोध करने पर और ग्रामीण आ गए जिस पर व्यापारी ने बदमाशों की एक बाइक छीन ली। व्यापारी ने थाने पर तहरीर दी है। लूट की घटना से क्षेत्र में लुटेरों का भय व्याप्त हो गया है।
क्षेत्र के चांदा निवासी अवनीश यादव पुत्र प्रमोद कुमार की किशनी में जूते की दुकान है। रविवार की देर सांय अवनीश दुकान बंद कर घर जा रहे थे। रामनगर रोड पर नाला की पुलिया के पास अचानक पीछे से तीन बाइक पर सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
अवनीश के विरोध करने पर बदमाशों ने उससे मारपीट व लूटपाट शुरु कर दी। बदमाशों ने अवनीश के गले से सोने की जंजीर व दुकानदारी के साढ़े तेरह हजार रुपये लूट लिये। अवनीश के चिल्लाने पर वहां से गुजर रहे ग्रामीण इकट्ठे हो गए और उन्होंने एक बदमाश की हीरो हौंडा स्पलेंडर बाइक छीन ली।
अवनीश के सूचना देने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे। पुलिस बदमाशों द्वारा छोड़ी गयी बाइक को थाने ले आई। देर सांय व्यस्त मार्ग पर घटना होने से क्षेत्र में लुटेरों का भय व्याप्त हो गया है। अवनीश ने थाने पर अपने साथ हुई लूट के संबंध में तहरीर दी है।