आगरा। बिजलीघर चौराहे पर गुरुवार सुबह आटो चालकों ने जमकर गुंडई की। चौराहे पर बेतरतीब आटो खड़ा करने से रोकने पर चालक और उसके साथियों ने ट्रैफिक सिपाही मोहम्मद खान पर हमला बोल दिया। उसके साथ जमकर मारपीट कर दी और वर्दी भी फाड़ दी। लोगों की मदद से एक हमलावर को पकड़ लिया गया।
मोहम्मद खान चौराहे पर बेतरतीब तरीके से खड़े आटो को हटाने रहे थे। तभी एक चालक ने आटो को बीच सड़क पर लगा दिया। सिपाही ने चालक से आटो हटाने के लिए बोला। आटो में चालक समेत तीन युवक थे। उन्होंने सिपाही पर हमला बोल दिया।
मारपीट करके वर्दी फाड़ डाली। लोगों ने आटो को घेर लिया। हालांकि एक युवक पकड़ा गया। बाकी भाग गए। सूचना पर थाना रकाबगंज पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर रकाबगंज ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सड़क पर आटो पार्किंग
बिजलीघर चौराहे पर सड़क पर आटो चालकों का कब्जा रहता है। वह कहीं भी अपना आटो खड़ा कर देते हैं। इससे हर समय चौराहे पर जाम लगा रहता है। कई बार पुलिस की सांठगांठ से सड़क पर आटो की पार्किंग होती है। चालक गुंडई भी करते हैं।